रायपुर: 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और गर्भपात कराने का मामला, NIT का पूर्व छात्र गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म और गर्भवती होने पर उसका गर्भपात कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) रायपुर से पढ़ाई पूरी कर चुके एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मूल रूप से राजस्थान के दौसा जिले के निवासी हिमांशु जाटव के रूप में हुई है।

police से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी हिमांशु जाटव NIT में पढ़ाई के दौरान रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में किराये के मकान में रहता था। इसी दौरान उसकी जान-पहचान इलाके में रहने वाली 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा से हुई थी। आरोप है कि युवक ने छात्रा से नजदीकी बढ़ाई और उसके साथ दुष्कर्म किया। पढ़ाई पूरी होने के बाद आरोपी रायपुर छोड़कर दिल्ली चला गया था।

कुछ समय बाद जब नाबालिग छात्रा को अपने गर्भवती होने का पता चला, तो उसने फोन के जरिए इसकी जानकारी हिमांशु को दी। इस बात की जानकारी मिलते ही आरोपी हड़कंप मचते हुए दिल्ली से वापस रायपुर लौटा। आरोप है कि रायपुर आने के बाद उसने कथित तौर पर छात्रा का गर्भपात करवा दिया।

जब इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी पीड़िता के परिजनों को मिली, तो उन्होंने तत्काल डीडी नगर थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी हिमांशु जाटव के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया और घेराबंदी कर उसे हिरासत में लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल पुलिस इस मामले के अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है। जांच के दौरान पुलिस का मुख्य ध्यान इस बात पर है कि नाबालिग का गर्भपात किस अस्पताल या स्थान पर करवाया गया था और इस अवैध प्रक्रिया में किन अन्य लोगों या मेडिकल स्टाफ ने आरोपी की मदद की थी। पुलिस इस संबंध में साक्ष्य जुटा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य मददगारों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Hot Topics

Related Articles