भाटापारा और रायपुर स्टेशन पर रेलवे का सघन टिकट चेकिंग अभियान, 207 यात्री बिना टिकट पकड़े गए

325 मामलों में रेलवे ने वसूले 2.92 लाख रुपये, 16 ट्रेनों और सभी प्लेटफॉर्म पर हुई जांच

भाटापारा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल द्वारा बिना टिकट और अनियमित टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। 26 नवंबर को भाटापारा रेलवे स्टेशन पर किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान और रायपुर स्टेशन पर नाका टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान दोनों स्टेशनों के सभी प्लेटफॉर्म और 16 ट्रेनों में सघन जांच की गई। अभियान में कुल 325 मामले पकड़े गए, जिनसे रेलवे ने 2 लाख 92 हजार 40 रुपये का राजस्व प्राप्त किया।

रेलवे द्वारा चलाए गए इस अभियान में बिना टिकट यात्रा करने वाले 207 यात्री पकड़े गए। इनसे 2 लाख 14 हजार 635 रुपये की वसूली की गई। वहीं, अनियमित टिकट लेकर यात्रा करने वाले 102 यात्रियों पर कार्रवाई करते हुए 74 हजार 800 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

इसके अलावा अधिक सामान लेकर यात्रा करने वाले 15 यात्रियों से 2 हजार 170 रुपये वसूले गए। एक अन्य मामले में 435 रुपये की वसूली की गई।

  • 20 टिकट चेकिंग कर्मचारी अभियान में रहे शामिल

यह विशेष टिकट चेकिंग अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव के निर्देश पर संचालित किया गया। अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक राजेश कुमार साह, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक सहित टिकट चेकिंग विभाग के 20 कर्मचारी शामिल रहे।

  • यात्रियों से उचित टिकट लेकर सफर करने की अपील

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में यात्रा करने से पहले निर्धारित टिकट अवश्य लें और अपने टिकट के अनुसार सही कोच में सफर करें। इसके साथ ही रेलवे परिसर में प्रवेश करने से पहले प्लेटफॉर्म टिकट खरीदना भी अनिवार्य है।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि ऐसे अभियान का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगाने के साथ यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक करना है। रायपुर मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा समय-समय पर इस तरह के विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। रेलवे ने यात्रियों से स्टेशन और ट्रेनों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की भी अपील की है।

Hot Topics

Related Articles