बोड़तरा में प्रस्तावित औद्योगिक प्लांट का ग्रामीणों ने किया विरोध, हंगामे के बीच प्रशासन ने कराई जनसुनवाई

भाटापारा। जिले के भाटापारा विकासखंड अंतर्गत ग्राम बोड़तरा में प्रस्तावित औद्योगिक परियोजनाओं को लेकर ग्रामीणों का विरोध सामने आया है। ग्राम मझगांव और बोरसी में ईश्वर मेटालिक्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्टील प्लांट, स्पंज आयरन सहित छह औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के प्रस्ताव के विरोध में शुक्रवार को आयोजित पर्यावरणीय जनसुनवाई के दौरान जमकर हंगामा हुआ। ग्रामीणों ने प्लांट नहीं लगाने की मांग करते हुए नारेबाजी की और अधिकारियों को घेर लिया। इस दौरान पुलिस जवानों के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति भी निर्मित हुई। हालात को देखते हुए अधिकारियों को कड़ी सुरक्षा के बीच जनसुनवाई स्थल से बाहर निकलना पड़ा।

  • जनसुनवाई को ग्रामीणों ने बताया एकतरफा

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रस्तावित औद्योगिक परियोजनाओं से क्षेत्र के पर्यावरण, कृषि भूमि और जलस्रोतों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। बोड़तरा निवासी विक्रम सिंह ने जनसुनवाई को एकतरफा बताते हुए आरोप लगाया कि ग्रामीण पहले ही परियोजना का विरोध कर चुके थे। उन्होंने दावा किया कि गांव के अधिकांश लोग प्लांट स्थापना के पक्ष में नहीं हैं, इसके बावजूद जनसुनवाई आयोजित की गई।

  • पंचायत को पहले से जानकारी नहीं होने का आरोप

ग्राम पंचायत बोड़तरा के सरपंच आनंद कुमार वर्मा ने आरोप लगाया कि पंचायत को जनसुनवाई की पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। उनके अनुसार 24 नवंबर की रात इसकी जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों की बैठक बुलाई गई। 25 नवंबर को बैठक में विरोध का निर्णय लेकर ग्रामीणों ने एसडीएम को आवेदन सौंपा और जनसुनवाई नहीं कराने की मांग की थी।

सरपंच आनंद कुमार वर्मा ने कहा कि गांव के लगभग सभी लोग प्रस्तावित प्लांट का विरोध कर रहे हैं, क्योंकि इससे बोड़तरा और आसपास के क्षेत्र पर प्रभाव पड़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की आपत्तियों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो वे न्यायालय की शरण लेंगे और आवश्यकता पड़ने पर हाईकोर्ट एवं सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे।

  • किसानों की जमीन और भविष्य को लेकर चिंता

परियोजना को लेकर किसानों में भी चिंता देखी जा रही है। पूर्व सरपंच एवं किसान भुवनेश्वर शर्मा ने दावा किया कि ग्राम पंचायत बोड़तरा के किसानों की करीब 100 एकड़ कृषि भूमि इस परियोजना से प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि कई किसानों का निवास बोड़तरा में है, जबकि उनकी कृषि भूमि आसपास के गांवों में स्थित है। ऐसे में परियोजना का असर केवल प्रस्तावित स्थल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आसपास के किसानों की आजीविका भी प्रभावित हो सकती है।

भुवनेश्वर शर्मा ने कहा कि जनसुनवाई में ग्रामीणों ने अपना विरोध दर्ज कराया है। किसानों को अपनी जमीन और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की चिंता है। उन्होंने परियोजना का विरोध करते हुए ग्रामीणों की सहमति और आपत्तियों को महत्व देने की मांग की।

  • पुलिस बल की मौजूदगी में नारेबाजी, अधिकारियों को सुरक्षा के बीच निकाला

ग्रामीणों के विरोध की आशंका को देखते हुए जनसुनवाई स्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया था। इसके बावजूद ग्रामीणों की नारेबाजी और विरोध लगातार जारी रहा। जनसुनवाई के अंतिम चरण में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। ग्रामीणों ने अधिकारियों को घेर लिया और पुलिस जवानों के साथ धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था के बीच वहां से रवाना किया गया।

  • प्रशासन का पक्ष : मौखिक और लिखित आपत्तियां दर्ज

मामले में एडीएम निशा नेताम ने बताया कि मेसर्स ईश्वर मेटालिक्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा ग्राम मझगांव और बोरसी में प्रस्तावित औद्योगिक स्थापना के लिए पर्यावरणीय स्वीकृति के संबंध में ग्राम बोड़तरा में जनसुनवाई आयोजित की गई थी। जनसुनवाई के दौरान परियोजना प्रस्तावक की ओर से ग्रामीणों के समक्ष परियोजना का विवरण प्रस्तुत किया गया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने अपनी आपत्तियां, विचार और सुझाव मौखिक एवं लिखित रूप में रखे।

एडीएम के अनुसार कुछ ग्रामीणों ने परियोजना का समर्थन किया, जबकि कुछ ने विरोध दर्ज कराया। सभी पक्षों की बातों को रिकॉर्ड किया गया है और प्रशासन की ओर से जनसुनवाई संपन्न मानी जाएगी।

  • अब पर्यावरणीय स्वीकृति की प्रक्रिया पर नजर

जनसुनवाई पूरी होने के बाद अब पर्यावरणीय स्वीकृति की आगामी प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी। ग्रामीणों की ओर से दर्ज कराई गई आपत्तियों पर क्या कार्रवाई होती है, यह देखना होगा। साथ ही प्रस्तावित छह औद्योगिक इकाइयों की उत्पादन क्षमता, पानी की आवश्यकता, संभावित प्रदूषण, प्रदूषण नियंत्रण के उपाय और प्रभावित गांवों के लिए प्रस्तावित सुरक्षा एवं संरक्षण व्यवस्था को लेकर भी स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। फिलहाल ग्रामीणों ने परियोजना के विरोध में अपनी आवाज बुलंद कर दी है और अपनी मांगों पर आगे भी संघर्ष जारी रखने की बात कही है।

Hot Topics

Related Articles