भाटापारा। भारत माता सैनिक फिजिकल एकेडमी भाटापारा से प्रशिक्षण प्राप्त कर छत्तीसगढ़ पुलिस एवं नगर सेना में चयनित हुए युवाओं का वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने सम्मान कर उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर शिवरतन शर्मा ने कहा कि युवाओं ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर यह सफलता हासिल की है। यह उपलब्धि न केवल चयनित युवाओं, बल्कि उनके माता-पिता, गुरुजनों और पूरे भाटापारा विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस सफलता के बाद भी देश और प्रदेश की सेवा के प्रति इसी तरह समर्पण एवं अनुशासन बनाए रखें।
शर्मा ने कहा कि आज का युवा यदि दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करे तो कोई भी मंजिल दूर नहीं है। नियमित अभ्यास, सकारात्मक सोच और अनुशासन सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। भारत माता सैनिक फिजिकल एकेडमी द्वारा युवाओं को शारीरिक प्रशिक्षण के साथ अनुशासन एवं देशभक्ति के संस्कार प्रदान करना सराहनीय पहल है।
उन्होंने चयनित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्दी केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, सम्मान और सेवा का प्रतीक है। आप सभी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें तथा आम जनता की सेवा करते हुए अपने गांव, परिवार और भाटापारा का नाम रोशन करें।
शिवरतन शर्मा ने कहा कि भाटापारा विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। शिक्षा, खेल, रोजगार और प्रशिक्षण के क्षेत्र में युवाओं को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि क्षेत्र का प्रत्येक युवा आत्मनिर्भर बनकर अपने सपनों को साकार कर सके।
इस दौरान उन्होंने एकेडमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अन्य युवाओं का भी उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत जरूरी है। असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर और अधिक परिश्रम करना चाहिए। उन्होंने सभी चयनित युवाओं के स्वस्थ जीवन, उज्ज्वल भविष्य और सफल सेवाकाल की कामना की।
कार्यक्रम में भारत माता सैनिक फिजिकल एकेडमी के संचालक, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। सभी ने चयनित युवाओं की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।












