जियाउल खान, सरगुजा । जिले के उदयपुर क्षेत्र से निकलकर 18 हाथियों का दल लखनपुर क्षेत्र के चुकंडंड गांव पहुंच गया। हाथियों के इस दल में काबरा कान सहित कुल 18 हाथी शामिल बताए जा रहे हैं। हाथियों का दल मोहनपुर के गन्ना बारी से होते हुए लखनपुर के नवापारा और चुकंडंड पहुंचा।
हाथियों के गांव के आसपास पहुंचने की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को सतर्क रहने की समझाइश दी। टीम ने ग्रामीणों से हाथियों के नजदीक नहीं जाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।
बताया जा रहा है कि मोहनपुर में हाथियों के पहुंचने के बाद कुछ ग्रामीणों ने लगभग 50 मीटर की दूरी से हाथियों के फोटो और वीडियो बनाए, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वहीं वन विभाग लगातार ग्रामीणों को हाथियों के करीब नहीं जाने और किसी भी तरह की छेड़छाड़ नहीं करने की सलाह दे रहा है।
29 नवंबर, रविवार की सुबह करीब 9 बजे मिली जानकारी के अनुसार 18 हाथियों का दल वापस करमकटरा जंगल की ओर पहुंच गया है। फिलहाल ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए रखने की अपील की जा रही है।












