बिलासपुर। सोशल मीडिया के जरिए हुई दोस्ती और प्रेम संबंध के बाद शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और फिर विवाह से मुकर जाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। मध्यप्रदेश के लखनादौन निवासी आरोपी सौरभ कुमार जैन के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़िता शनिवार को बिलासपुर प्रेस क्लब पहुंची और मीडिया के सामने अपनी पूरी आपबीती सुनाई।
पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2023 में इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान सौरभ कुमार जैन से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। महिला का आरोप है कि सौरभ ने न केवल उससे शादी करने का वादा किया, बल्कि उसके बच्चों को भी अपनाने का भरोसा दिलाया था। इस भरोसे के बाद वर्ष 2024 में आरोपी बिलासपुर आया, जहां दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने और वे पति-पत्नी की तरह साथ रहने लगे। पीड़िता ने यह भी बताया कि इस दौरान वे परिवार के साथ गोवा, रायपुर और नागपुर सहित कई जगहों पर घूमने गए थे, और गणेश चतुर्थी के अवसर पर आरोपी ने उसके परिवार के साथ पूजा-अर्चना भी की थी।
महिला का कहना है कि जब उसने शादी की बात को आगे बढ़ाया तो आरोपी अपने वादे से साफ मुकर गया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज कराई। एफआईआर दर्ज होने के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका लगाई थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया।
पीड़िता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर असंतोष जताते हुए कहा है कि हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने और धमकी मिलने की शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। पुलिसिया कार्रवाई में हो रही देरी से निराश महिला ने प्रेस क्लब के माध्यम से उच्च अधिकारियों से हस्तक्षेप करने और आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है।












