नशा मुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण के लिए युवाओं ने लिया संकल्प, साइकिल रैली के माध्यम से दिया जागरूकता का संदेश – अश्वनी शर्मा

राष्ट्रीय संकल्प समारोह के अंतर्गत भाटापारा में युवा संकल्प एवं हस्ताक्षर अभियान तथा साइकिल रैली का आयोजन, नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने साइकिल चलाकर की सहभागिता

भाटापारा।फिट इंडिया – संडेज़ ऑन साइकिल के 100वें संस्करण पर भाटापारा में भव्य साइकिल रैली, 300 युवाओं ने दिया फिट भारत का संदेश।

नशा मुक्त भारत के निर्माण और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज भाटापारा में राष्ट्रीय संकल्प समारोह के अंतर्गत युवा संकल्प एवं हस्ताक्षर अभियान तथा साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद भाटापारा के अध्यक्ष श्री अश्वनी शर्मा ने सहभागिता करते हुए साइकिल रैली में शामिल होकर आमजन को नशा मुक्ति का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से नशा मुक्त भारत के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई तथा नशे से दूर रहने और समाज में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। साइकिल रैली के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि परिवार की खुशहाली, सामाजिक वातावरण और देश के भविष्य को भी प्रभावित करता है।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री अश्वनी शर्मा ने कहा कि “नशा मुक्त भारत का निर्माण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है। युवा किसी भी देश की सबसे बड़ी शक्ति और पूंजी होते हैं। यदि हमारी युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में आएगी तो देश की विकास यात्रा प्रभावित होगी। इसलिए युवाओं को नशे से बचाना और उन्हें शिक्षा, खेल, योग, स्वास्थ्य एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।”

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देशभर में स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए अनेक जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। नशा मुक्त भारत अभियान भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं को जागरूक कर सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

श्री शर्मा ने नगरवासियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई में सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं। अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें तथा नशे की आदत से जूझ रहे लोगों को सही मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करें।

उन्होंने कहा कि भाटापारा को स्वस्थ, स्वच्छ, जागरूक एवं नशा मुक्त शहर बनाने के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। जब युवा स्वयं जागरूक होंगे और समाज को जागरूक करेंगे, तभी एक सकारात्मक और मजबूत समाज का निर्माण संभव होगा।

कार्यक्रम में माय भारत बलौदाबाजार-भाटापारा के जिला वालंटियर राजीव मिर्झा, तरेंगा सोसाईटी अध्यक्ष सतीश सोनी पीटी आईं शरद पंसारी परमेश्वर साहू, पुष्पेंद्र चक्रधारी, सौरभ राजपूत, कृष्णा साहू,दानिश मानिकपुरी, भोला देवांगन हरीश लहरे सहित अनेक युवा वालंटियर, छात्र एवं नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य संदेश यही रहा कि आइए, हम सब मिलकर नशे को ना कहें, युवाओं को नई दिशा दें और नशा मुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

मेरा संकल्प – नशा मुक्त भारत, स्वस्थ भारत!

Hot Topics

Related Articles