स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देश पर पहलगाम में हुए आतंकी हमले में घायल चिरमिरी की पूजा अग्रवाल की अस्थि रोग विभाग में हुई जाँच

*आतंकवादी हमले में जान बचाने के दौरान कंधे में हुआ फ्रेक्चर, अम्बेडकर अस्पताल के डॉक्टरों ने किया इलाज*

रायपुर ।जम्मू कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में 22 अप्रैल को हुए आंतकी हमले के दौरान मनेंद्रगढ़ जिले के चिरमिरी शहर के अरविंद अग्रवाल की धर्मपत्नी पूजा अग्रवाल जान बचाते हुए घायल हो गई थीं। पूजा अग्रवाल के साथ आए उनके पति अरविंद अग्रवाल के मुताबिक जैसे ही उनका परिवार आज रायपुर पहुंचा स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने तुरंत उनका कुशलक्षेम पूछा तथा उनके परिवार के सभी सदस्यों के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

 

आज उनकी रायपुर के डॉ भीमराव अम्बेडकर अस्पताल के अस्थि रोग विभाग में जांच करायी गयी । जाँच करने वाले डॉक्टरों के अनुसार पूजा अग्रवाल के दाहिने कंधे में चोट आई है। अम्बेडकर अस्पताल पहुँचते ही उनके दाहिने कंधे एवं रीढ़ का एक्स रे करवाया गया। अस्थि रोग विभाग में डॉ. प्रणय श्रीवास्तव ने पूजा अग्रवाल की पूरी जाँच की। डॉ. प्रणय ने बताया कि मरीज के दाहिने कंधे पर थोड़ा फ्रैक्चर है जिसके कारण उन्हें दर्द हो रहा है। चूंकि गोलीबारी के दौरान जान बचाने के लिए उन्हें जमीन पर लेटना पड़ा शायद उसी दौरान उन्हें चोट आई होगी।

अम्बेडकर अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने बताया कि मरीज को सभी आवश्यक दवाएं दे दी गई हैं और फॉलोअप में आने को कहा गया है। आंतकी हमले के बाद पूरा परिवार सहमा हुआ था इसीलिए हमारे डॉक्टरों ने उनकी काउंसलिंग भी की और ढांढस भी बंधाया। मरीज को कहा गया है कि उन्हें घबराने की ज़रूरत नहीं है और उन्हें कोई भी समस्या हो तुरंत हमसे संपर्क करे।

Hot Topics

Related Articles