महिला समूह अध्यक्ष पर 11 लाख रुपये गबन का आरोप, डोंगरगांव पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप

 

डोंगरगांव (दीपक अवस्थी) । ग्राम करेठी स्थित प्रज्ञा महिला स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष गणेशिया बघेल पर 11 लाख रुपये के गबन का गंभीर आरोप लगाया गया है। समूह की अन्य सदस्यों ने आरोप लगाया है कि अध्यक्ष ने समूह की सहमति और जानकारी के बिना दो बार बैंक से ऋण उठाकर तथा बचत खाते से राशि निकालकर निजी उपयोग में खर्च किया।

समूह की सदस्य पेमिन साहू, चित्ररेखा साहू, अनसुइया, सोनकुवर, सलेन्द्री, मुमताज बेगम सहित अन्य ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया, डोंगरगांव शाखा से दो बार 3-3 लाख रुपये ऋण लिए गए, जिसकी जानकारी सदस्यों को तब हुई जब बैंक द्वारा वसूली के लिए संपर्क किया गया। इसके अतिरिक्त समूह के बैंक खाते से 2.5 लाख तथा वंदना ग्राम संगठन से भी 2.5 लाख की राशि आहरित की गई।

थाने में 5 घंटे बैठाया, पर नहीं हुई सुनवाई

महिला सदस्यों का आरोप है कि उन्होंने सबसे पहले डोंगरगांव थाने में शिकायत दर्ज करवाने की कोशिश की, लेकिन थाना प्रभारी द्वारा उन्हें सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक बैठा कर रखा गया और शिकायत दर्ज नहीं की गई। टीआई द्वारा एक माह तक इंतजार करने की सलाह दी गई, जिसके बाद महिलाएं एसपी कार्यालय पहुंचीं।

सदस्यों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर अध्यक्ष गणेशिया बघेल के खिलाफ अपराध दर्ज किया जाए और समूह की गबन की गई राशि की भरपाई कराई जाए।

Hot Topics

Related Articles