रायपुर। राजधानी पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव करने वाले चालकों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए शहर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस ने देर रात 11 बजे से सुबह 2 बजे तक शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर बैरिकेटिंग कर वाहनों की जांच की। इस दौरान ब्रीथ एनालाइजर मशीन की मदद से नशे की हालत में गाड़ी चला रहे चालकों को पकड़ा गया। अभियान के दौरान विगत दो दिनों में ही पुलिस ने 23 वाहन चालकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की है। सभी मामलों को माननीय न्यायालय भेजा गया, जहां प्रत्येक चालक पर 10,000 रुपए का अर्थदंड लगाया गया है। इसके साथ ही, आरोपित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस को तीन माह के लिए निलंबित करने की कार्यवाही की जा रही है। अब तक 1034 चालकों पर कार्रवाई पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2025 में अब तक 1034 वाहन चालकों के खिलाफ ड्रंक एंड ड्राइव पर कार्रवाई की गई है। इनमें 474 दोपहिया, 364 चार पहिया, 161 हैवी व्हीकल और 35 ऑटो रिक्शा चालक शामिल हैं। इन मामलों में अदालत द्वारा अब तक 1 करोड़ 22 लाख 45 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया जा चुका है। क्यों चल रहा है अभियान यातायात पुलिस का मानना है कि नशे की हालत में गाड़ी चलाना न केवल वाहन चालक की जान के लिए बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों और वाहनों के लिए भी गंभीर खतरा है। त्योहार और छुट्टियों के मौसम में इस तरह की घटनाओं में इजाफा होता है, जिसे रोकने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक सतीष ठाकुर व गुरजीत सिंह के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर रातभर चेकिंग की निगरानी की। पकड़े गए चालकों की सूची अभियान के दौरान पकड़े गए 23 चालकों में शहर के विभिन्न क्षेत्रों के लोग शामिल हैं। इनमें रायपुर के मनोज कुमार (अवंतिविहार), मोह. आर्यन (अमलीडीह), पवन कुकरेजा (मोवा), दिलीप गाईन (गायत्री नगर), डंपी (शंकर नगर), चेतन तोड़ी (देवपुरी), दीपक कुमार (संतोषी नगर), उदय धकाटे (आनंद नगर), आशुतोष (गुढ़ियारी), आदर्श (पंजाब पैलेस), एजाज खान (नेहरू नगर) आदि शामिल हैं। इसके अलावा संबलपुर (उड़ीसा), झारसुगुड़ा (उड़ीसा), रायगढ़ और जगदलपुर के वाहन चालकों को भी पकड़ा गया है। पुलिस की सख्त चेतावनी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि यह अभियान प्रतिदिन चलेगा और रात 11 बजे से सुबह 2 बजे तक चेकिंग जारी रहेगी। नशे की हालत में गाड़ी चलाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने रायपुरवासियों से अपील की है कि नशे की स्थिति में वाहन न चलाएं, बल्कि सुरक्षित यात्रा के लिए वैकल्पिक साधनों का उपयोग करें। इस अभियान से साफ है कि राजधानी पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने और सड़क हादसों पर नियंत्रण के लिए सख्त रुख अपना लिया है। आने वाले दिनों में यह कार्रवाई और भी कड़ी हो सकती है।





