राजनांदगांव। शहर से लगे नेशनल हाईवे पर सोमवार तड़के दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। इंदामरा के पास दशमेश ढाबा के समीप एक अज्ञात ट्रक ने सड़क पर बैठे मवेशियों को कुचल दिया, जिससे आधा दर्जन से अधिक मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर पुलिस लाइन के पास एक अज्ञात कार चालक ने एक और मवेशी को कुचल दिया। दोनों घटनाओं में मिलाकर कुल 9 मवेशियों की मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क किनारे जगह-जगह मवेशियों के शव पड़े मिले, जिन्हें देख लोगों में आक्रोश और दुख का माहौल रहा।
कलेक्टर मौके पर पहुंचे, लापरवाह पशु मालिकों पर भी कार्रवाई के संकेत
सुबह घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे, सीएसपी पुष्पेन्द्र नायक और पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। कलेक्टर ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए सड़क पर बैठे मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस लापरवाही के लिए मवेशियों के मालिक जिम्मेदार हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच हुआ। उस वक्त क्षेत्र में बिजली गुल थी, जिससे हादसे का शोर किसी को सुनाई नहीं दिया। सुबह जब ग्रामीणों ने सड़क किनारे मवेशियों के क्षत-विक्षत शव देखे तो पुलिस को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रक चालक अंधेरे में सड़क पर बैठे मवेशियों को देख नहीं पाया और यह दर्दनाक हादसा हो गया।
गौरतलब है कि बरसात के मौसम में मवेशियों का झुंड अक्सर हाईवे और मुख्य सड़कों पर बैठा रहता है। इसकी वजह से लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। तीन साल पहले भी सोमनी के पास इसी तरह की घटना में दर्जनभर से ज्यादा मवेशियों की मौत हो चुकी है, लेकिन अब तक इस समस्या पर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा सके हैं।





