Wednesday, February 25, 2026
More

    नशेड़ी ड्रायवर की लापरवाही से मासूम की मौत, शव सड़क पर रखकर ग्रामीणों का चक्काजाम

    डोंगरगांव(दीपक अवस्थी)।डोंगरगांव ब्लॉक के ग्राम दीवानभेड़ी में मंगलवार को हृदयविदारक सड़क हादसे में डेढ़ वर्षीय मासूम प्रांजल की दर्दनाक मौत हो गई। घर के बाहर खेलते हुए बच्चा सड़क पर पहुंचा ही था कि कांकरिया राइस मिल का ट्रक (क्रमांक सीजी 08 एल 1686) तेज रफ्तार से आया और उसे कुचल दिया।

    हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर ही ट्रक चालक की पिटाई कर दी और मासूम का शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। हादसे की सूचना पर एसडीएम कोराम, डोंगरगांव व तुमड़ीबोड पुलिस मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू में किया।

    ग्रामीणों की 10 लाख मुआवजे की मांग

    गांव में माहौल तनावपूर्ण रहा। परिजनों और ग्रामीणों ने राइस मिल प्रबंधन से 10 लाख रुपए मुआवजे की मांग रखी। अंततः कांकरिया राइस मिल प्रबंधन ने 4 लाख रुपए मुआवजा देने का आश्वासन दिया, वहीं जिला प्रशासन ने तत्काल 25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की। इसके बाद तीन घंटे से जारी चक्काजाम समाप्त हुआ।

    ड्रायवर पर शराबखोरी के आरोप

    ग्रामीणों का आरोप है कि राइस मिल प्रबंधन कम वेतन में अनुभवहीन और नशे में धुत्त ड्रायवरों को नौकरी पर रखता है। दुर्घटना के समय भी आरोपी ड्रायवर एवन साहू (35 वर्ष) शराब पीकर ट्रक चला रहा था। गुस्साए ग्रामीणों ने राइस मिल में शराबबंदी की मांग भी उठाई।

    कड़ी सुरक्षा में पहुंचे प्रबंधन के प्रतिनिधि

    मौके पर जैसे ही राइस मिल प्रबंधन के प्रतिनिधि पहुंचे, गुस्साए ग्रामीणों ने उन्हें घेरकर जमकर नाराजगी जताई। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया।

    Hot Topics

    Related Articles

    error: Content is protected !!