बालोद। जिले के पांडे पारा में गणेश विसर्जन के दौरान देर रात हुई मारपीट और हिंसा ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। एम.ए. की पढ़ाई कर रहे युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उसके भाई रोशन कुमार सोनकर को गणेश विसर्जन स्थल पर डीजे को लेकर हुए विवाद में शामिल होने के दौरान हमला झेलना पड़ा। भाई को बचाने गए युवक पर भी किसी अज्ञात युवक ने धारदार वस्तु से सिर में प्रहार कर घायल कर दिया। युवक ने बताया कि 11 सितंबर 2025 की रात लगभग 1 बजे तक उसका भाई घर वापस नहीं आया। चिंता में उसने फोन कर रोशन से संपर्क किया। रोशन ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ शासकीय कॉलेज के सामने गणेश विसर्जन में लगे डीजे को थाना ले जाने की प्रक्रिया में था, इसलिए देर हो गई। इसके बाद युवक स्वयं मौके पर पहुँचा, जहाँ उसने देखा कि डीजे से जुड़े कुछ लड़के आपस में अश्लील गाली-गलौज कर रहे थे और एक-दूसरे को मारने की धमकी दे रहे थे। भीड़ में मौजूद अपने भाई रोशन को देखते ही युवक उसे निकालने के लिए बीच में घुसा। तभी अज्ञात युवकों ने उसे भी गालियाँ देना शुरू कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच किसी अज्ञात युवक ने धारदार वस्तु से उसके सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे सिर से खून बहने लगा। हमले के बाद आरोपी भीड़ में भाग खड़ा हुआ। युवक ने पुलिस को बताया कि वह हमलावर को पहचान लेगा क्योंकि घटना स्थल पर उसके मोहल्ले के लड़के भी मौजूद थे। घटना को मोहल्ले के सोनू सोनकर ने प्रत्यक्ष रूप से देखा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि गणेश विसर्जन जैसे धार्मिक आयोजनों में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। पुलिस टीम ने स्थल का निरीक्षण कर घायल युवक का मेडिकल परीक्षण कराया है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और गवाहों के बयान लेकर हमलावर की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।





