डोंगरगांव (दीपक अवस्थी)।ग्राम मारगांव में धर्म और अंधविश्वास के नाम पर फैलाए गए छल का पर्दाफाश करने वाले व्यक्ति की हत्या के मामले में AG खबर की खबर पर सोमवार को पुलिस ने मुहर लगा दी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीओपी दिलीप सिंह सिसोदिया ने बताया कि नवदुर्गा उत्सव के दौरान हुई गांव की बैठक ही इस हत्या की मुख्य वजह बनी।
धर्म के नाम पर ठगी और अवैध संबंध से जुड़ा विवाद
जांच में सामने आया कि आरोपी महेश सिन्हा ने नवदुर्गा पर्व के दौरान गांव की एक महिला के घर के बाहर “माता लक्ष्मी का पदचिह्न” बनाकर गांव वालों में चमत्कार की अफवाह फैलाई थी।
दरअसल, जिस महिला के घर पदचिह्न बनाया गया था, उससे आरोपी के अवैध संबंध थे। बाद में उसी महिला से मृतक आंगेश्वर साहू (40 वर्ष) के भी संबंध बन गए।
गांव की बैठक में जब दोनों ने यह बात स्वीकार की, तो मृतक आंगेश्वर के कहने पर आरोपी पर ₹51 हजार का अर्थदंड लगाया गया। इसी बात से नाराज़ होकर महेश सिन्हा ने आंगेश्वर की हत्या की साजिश रची।
पुलिस की जांच से पहले AG खबर ने दी थी खबर
घटना का खुलासा AG खबर ने सबसे पहले किया था।
प्रारंभिक रिपोर्ट में ही धर्म और अंधविश्वास के नाम पर फैले छल का उल्लेख किया गया था, जिसे अब पुलिस जांच ने भी पुष्ट कर दिया है।
तीन टीमों ने की ताबड़तोड़ कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में एडिशनल एसपी राहुल देव शर्मा, एसडीओपी दिलीप सिंह सिसोदिया और चार थाना प्रभारियों की तीन विशेष टीमें गठित की गईं।
लगातार दबिश के बाद आरोपी महेश सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया है और उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।





