Friday, February 27, 2026
More

    राजनांदगांव: अवैध गांजा तस्करी के विरुद्ध राजनांदगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई

    राजनांदगांव। जिले में अवैध गांजा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए राजनांदगांव पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना बोरतलाव के अपराध क्रमांक 11/25, धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत जप्त एक बोलेरो पिकअप वाहन को राजसात करते हुए उसकी नीलामी की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, जप्त बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक CG-10-BQ-0634 को जिला दण्डाधिकारी, राजनांदगांव के आदेशानुसार नीलामी हेतु रखा गया था। राजसात उपरांत नीलामी प्रक्रिया के लिए गठित समिति द्वारा वाहन का विधिवत निरीक्षण एवं मूल्यांकन किया गया। इस समिति में लोक निर्माण विभाग, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यालय तथा पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल रहे।राज्य शासन के निर्देशानुसार केंद्र सरकार के सार्वजनिक उपक्रम एमएसटीसी (MSTC Ltd.) के माध्यम से वाहन की ऑनलाइन नीलामी कराई गई, जिससे अधिक से अधिक बोलीकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। नीलामी प्रक्रिया में उक्त बोलेरो पिकअप वाहन को 4 लाख 92 हजार 911 रुपये में नीलाम किया गया। नीलामी से प्राप्त संपूर्ण राशि को शासन के कोषालय में जमा करा दिया गया है।

    गौरतलब है कि यह प्रकरण दिनांक 30 मार्च 2025 को मुखबिर की सूचना पर सामने आया था। पुलिस ने ओडिशा से गांजा खरीदकर मध्यप्रदेश के सागर की ओर ले जा रहे बोलेरो पिकअप वाहन को पकड़ते हुए सब्जी की टोकरी में छिपाकर ले जाया जा रहा 243.54 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 36 लाख 53 हजार 100 रुपये थी, जप्त किया था। मौके से संतोष पाल और दिलावर अली को गिरफ्तार किया गया था।

    विवेचना के दौरान फरार आरोपी आमीर एवं गांजा खरीददार काले बहादूर को भी सागर (मध्यप्रदेश) से गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में विवेचना पूर्ण कर आरोपियों के विरुद्ध चालान माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका है। साथ ही जप्त वाहन की राजसात एवं नीलामी की कार्रवाई भी सफलतापूर्वक पूरी की गई।

    Hot Topics

    Related Articles

    error: Content is protected !!