राजनांदगांव।आगामी नवरात्रि पर्व के अवसर पर माँ बम्लेश्वरी मंदिर, डोंगरगढ़ में दर्शन हेतु प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न जिलों से पदयात्रा करते हुए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से *पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा* द्वारा आज अधिकारियों के साथ संपूर्ण मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
इस दौरान *अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर, डीएसपी श्री अलेक्जेंडर किरो तथा यातायात प्रभारी श्री नवरतन कश्यप* भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान *अंजोरा से डोंगरगढ़ तक लगभग 61.8 किलोमीटर* लंबे मार्ग का विस्तृत भ्रमण किया गया तथा मार्ग में पड़ने वाले प्रमुख चौक-चौराहों, पड़ाव स्थलों एवं संभावित भीड़ वाले स्थानों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान पदयात्रियों एवं वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टॉपर्स, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन, प्रकाश व्यवस्था तथा रूट प्रबंधन से संबंधित तैयारियों का विस्तृत परीक्षण किया गया और आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही तुमड़ीबोड़ मार्ग से आने वाले पदयात्रियों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए उस मार्ग का भी अवलोकन कर यातायात व्यवस्था की योजना तैयार की गई।
पदयात्रियों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से इस वर्ष *राजनांदगांव पुलिस द्वारा पदयात्रियों को रेडियम बेल्ट तथा बैग/शर्ट पर लगाने हेतु रिफ्लेक्टर स्टिकर वितरित किए जाएंगे, ताकि रात्रि के समय भी दूर से ही पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं को वाहन चालक स्पष्ट रूप से देख सकें* और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए इस वर्ष *अंजोरा ग्राम से आगे मार्ग को वन-वे (One Way) किया जाएगा, साथ ही मार्ग के एक हिस्से को विशेष रूप से पदयात्रियों के लिए सुरक्षित* एवं आरक्षित किया जाएगा, जिससे पैदल श्रद्धालुओं को सुरक्षित मार्ग उपलब्ध हो सके।
इसके अतिरिक्त समन्वित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पड़ोसी *जिलों दुर्ग एवं महाराष्ट्र के गोंदिया जिले की पुलिस से भी समन्वय स्थापित किया गया है,* ताकि अंतरजिला मार्गों पर भी यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।





