- डोंगरगांव पुलिस की कार्रवाई, मर्ग जांच में सामने आई क्रूरता की कहानी
डोंगरगांव (दीपक अवस्थी)। पत्नी के साथ लगातार मारपीट और मानसिक प्रताड़ना करने के मामले में डोंगरगांव पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने जहर सेवन कर अपनी जान दे दी थी।
मामले के अनुसार, मृतिका सविता बाई निषाद ने दिनांक 28 नवंबर 2024 को अपने घर में जहर पी लिया था। इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। जांच में यह बात सामने आई कि उसका पति पुरुषोत्तम निषाद आए दिन उससे मारपीट करता था और झगड़ा करता रहता था, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो चुकी थी।
थाना डोंगरगांव में दर्ज मर्ग क्रमांक 16/2025 की जांच के दौरान मृतिका की बेटियों ने भी अपने बयान में पिता द्वारा की जा रही मारपीट और प्रताड़ना की पुष्टि की। वहीं पड़ोसियों के बयान, एफएसएल रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी प्रताड़ना के तथ्य स्पष्ट हुए।
पुलिस के अनुसार, मृतिका शारीरिक रूप से अशक्त थी और चार बेटियों में से कोई भी उसके साथ नहीं रहती थी। पति की लगातार प्रताड़ना से तंग आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना डोंगरगांव पुलिस ने आरोपी पुरुषोत्तम निषाद को 17 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर लिया। मर्ग जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 57/2026 धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया था।
पूरे प्रकरण की जांच थाना प्रभारी, प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य कुमार एवं निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर के नेतृत्व में की गई। इस दौरान पुलिस टीम के साथ संदीप देशमुख की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।





