महिला पुलिसकर्मी से मारपीट और बदसलूकी मामले में 2 और आरोपी गिरफ्तार, 7 पहले से ही भेजे जा चुके हैं जेल

रायगढ़। जिले के तमनार में गारे–पेलमा सेक्टर–1 कोयला खदान के विरोध में धरना और विरोध प्रदर्शन के दौरान हुए महिला पुलिसकर्मी के साथ मारपीट, बदसलूकी, अमानवीय व्यवहार और लूटपाट की गंभीर घटना में पुलिस ने दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

जानकारी के अनुसार, गारे–पेलमा सेक्टर–1 कोयला खदान के विरोध में 12 दिसंबर 2025 से ग्रामीणों द्वारा सीएचपी चौक, लिबरा में आर्थिक नाकेबंदी करते हुए धरना– प्रदर्शन किया जा रहा था। 27 दिसंबर को जब पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मार्ग बहाल कराने पहुंचे तो भीड़ उग्र हो गई और पुलिस बल पर हमला कर दिया। ,जिसमें कई जवान घायल हुए। इसी दौरान भीड़ ने महिला थानेदार पर हमला कर उनकी भी पिटाई कर दी थी और भीड़ से बच कर भाग रही एक महिला आरक्षक को भी खेत में पकड़ कर मारपीट और बदसलूकी करते हुए उनके कपड़े फाड़कर अमानवीय व्यवहार और लूटपाट किया। महिला पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता की घटना का वीडियो बनाकर आरोपियों ने सोशल मीडिया में भी वायरल कर दिया।

घटना के संबंध में तमनार थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ आईटी एक्ट की धारा के अलावा घटना दिनांक को घटित हुए अलग-अलग घटनाओं पर थाना तमनार में कुल 16 अपराध पंजीबद्ध किए गए। पुलिस ने मामले में विवेचना कर सात आरोपियों की शिनाख्त कर उन्हें जेल भेज दिया। इस संवेदनशील प्रकरण में एसएसपी शशिमोहन सिंह के निर्देश पर डीएसपी सुशांतो बनर्जी द्वारा विशेष जांच की जा रही थी। जांच के दौरान गवाहों के कथन एवं तहसीलदार के समक्ष पंचनामा के आधार पर वीडियो बनाने वाले आरोपी की पहचान संजय मेहर निवासी बिजना,तमनार के रूप में हुई,जो घटना के बाद से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। उसे पुलिस टीम ने हिरासत में लिया।

हिरासत में उसने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपने मोबाइल से वीडियो बनाकर अपने साथी माधव गुप्ता उर्फ माधो बीसी निवासी नागरमुडा को भेजा था। माधव गुप्ता जो पेशे से टीवी मैकेनिक है,उसने वीडियो को व्हाट्सएप ग्रुपों में वायरल कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए माधव गुप्ता को भी गिरफ्तार कर उससे पूछताछ के बाद घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल जप्त किए हैं।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले में कहा कि “महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा, ऐसे मामलों में रायगढ़ पुलिस सख्त और त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित कर रही है।”

गिरफ्तार आरोपी-

संजय मेहर पिता ललित मेहर (26 वर्ष) निवासी ग्राम बिजना थाना तमनार।

माधव गुप्ता उर्फ माधो बीसी पिता डुलोमणि (40 वर्ष) निवासी ग्राम नागरमुडा थाना तमनार।

Hot Topics

Related Articles