मोबाइल टूटा तो दोस्त को मारकर घर में दफनाई लाश , थाने पहुंचकर बोला – रात में भूत दिखता है, कहता है मेरा अंतिम – संस्कार करा दो !

अंबिकापुर।अंबिकापुर के भगवानपुर इलाके में मोबाइल टूटने से गुस्साए युवक ने दोस्त की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने पत्नी के साथ मिलकर शव को घर में पहले से खोदे गए गड्ढे में दफना दिया। अब एक सप्ताह बाद आरोपी ने थाने पहुंचकर सरेंडर किया है।

आरोपी ने बताया कि, उसे दोस्त का भूत दिखता है। रात को सोते समय दोस्त आत्मा के रूप में आकर कहता है कि, मेरी हत्या कर दी है, लेकिन मेरे शरीर का अंतिम संस्कार करा दो। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।

सीएसपी राहुल बंसल ने बताया कि 24-25 मार्च की रात बृजलाल अगरिया (35) शराब के नशे में मिथलेश कुजूर (37) के घर आया था। बृजलाल ने मिथलेश को शराब पीने के लिए कहा। नवरात्रि के कारण मिथलेश ने शराब पीने से मना कर दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान झूमाझटकी में मिथलेश का मोबाइल गिरकर टूट गया।

मोबाइल टूटने से गुस्साए मिथलेश ने डंडे से बृजलाल के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बृजलाल की मौत के बाद मिथलेश और उसकी पत्नी राजकुमारी (36) ने मिलकर शव को घर में पहले से खोदे गए गड्ढे में दफना दिया। ऊपर से प्लाईबोर्ड डालकर मिट्टी डाल दी थी।

जानकारी के मुताबिक, भगवानपुर में कृषि महाविद्यालय के पीछे रहने वाला मिथलेश कुजूर मंगलवार की रात गांधीनगर थाने पहुंचा। पुलिस को बताया कि उसने अपने दोस्त बृजलाल अगरिया की हत्या कर दी है। शव को घर में ही दफना दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई।

बुधवार सुबह राहुल बंसल समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। न्यायिक मजिस्ट्रेट, तहसीलदार और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मौजूदगी में उस स्थान की खुदाई कराई गई, जहां आरोपी ने शव दफनाने की बात बताई थी।

खुदाई के दौरान गड्ढे से बृजलाल का शव बरामद हुआ। करीब एक सप्ताह से दफन होने के कारण शव सड़ने लगा था। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। आरोपी बोला- दोस्त का भूत दिखता था

आरोपी ने पुलिस को बताया कि, हत्या के बाद उसे अपने दोस्त का भूत दिखाई देता था। रात में उसे ऐसा लगता था कि बृजलाल कह रहा है कि मेरी हत्या कर दी है, लेकिन मेरे शरीर का अंतिम संस्कार करा दो। पति-पत्नी गिरफ्तार

घटना के बाद पति-पत्नी घर छोड़कर कुछ दिनों तक रिश्तेदारों के यहां छिपे रहे। बाद में बेचैन होकर आरोपी खुद थाने पहुंच गया और पूरी घटना बता दी। इस मामले में गांधीनगर पुलिस ने आरोपी मिथलेश कुजूर और उसकी पत्नी राजकुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Hot Topics

Related Articles