“ग्राम चलो, बस्ती चलो” अभियान के अंतर्गत जनसंपर्क एवं जनसंवाद कार्यक्रम सम्पन्न

भारतीय जनता पार्टी जुंगेरा मंडल – जिला बालोद


जुंगेरा (हितेश डोंगरे)!भारतीय जनता पार्टी जिला बालोद द्वारा चलाए जा रहे “ग्राम चलो, बस्ती चलो” अभियान के अंतर्गत जुंगेरा मंडल के ग्राम तरौद में एक महत्वपूर्ण जनसंपर्क एवं जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में श्री कल्याण सोनवानी जी, जिला संयोजक, झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ, भाजपा जिला बालोद उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के ग्राम प्रभारी श्री हेमंत साहू जी के नेतृत्व में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें भाजपा के वरिष्ठ, विशिष्ट एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान श्री कल्याण सोनवानी जी द्वारा ग्राम के हितग्राही परिवारों, माताओं, बहनों एवं भाइयों से आत्मीय भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना गया तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना गया। साथ ही उन्होंने अपने संबोधन में “ग्राम चलो, बस्ती चलो” अभियान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने केंद्र सरकार के नेतृत्व में माननीय नरेन्द्र मोदी जी द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं छत्तीसगढ़ सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी विस्तार से ग्रामीणजनों को दी। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार गरीब, किसान, मजदूर एवं हर वर्ग के उत्थान हेतु निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान पार्टी के वरिष्ठजनों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं पुराने-नए कार्यकर्ताओं से भी सौहार्दपूर्ण भेंट कर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य गांव-गांव जाकर आमजन से सीधा संवाद स्थापित करना एवं केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुँचाना है, जिसमें भाजपा कार्यकर्ता पूर्ण समर्पण के साथ जुटे हुए हैं।

अंत में सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

Hot Topics

Related Articles