विंग कमांडर विपुल यादव आत्महत्या मामले में पत्नी पर केस दर्ज

रायपुर। रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित विधायक कॉलोनी में विंग कमांडर विपुल यादव की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उनकी पत्नी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार पत्नी अर्जिता श्रीवास्तव पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं, जिसके चलते आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। यह घटना 10-11 मार्च 2026 की दरम्यानी रात की बताई जा रही है, जब 39 वर्षीय विंग कमांडर विपुल यादव ने अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद तेलीबांधा थाना में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी, जो अब आगे बढ़ते हुए आपराधिक प्रकरण में बदल गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना के समय उनकी पत्नी अर्जिता श्रीवास्तव रायपुर में मौजूद नहीं थीं। वह आईटी सेक्टर में कार्यरत हैं और बेंगलुरु में नौकरी करती हैं, जबकि घटना से दो दिन पहले दिल्ली चली गई थीं। विंग कमांडर अपने दो बच्चों के साथ रायपुर स्थित आवास में रह रहे थे। घटना के समय दोनों बच्चे घर के दूसरे कमरे में थे। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते मानसिक तनाव की स्थिति बनी हुई थी। घटना के बाद सुबह घर में काम करने वाली महिला ने सबसे पहले विंग कमांडर को फांसी पर लटका देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला था। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई थी कि उन्होंने अपने बेडरूम के पंखे से लटककर आत्महत्या की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने परिवार और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और बयानों के आधार पर पुलिस ने पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। विंग कमांडर विपुल यादव छत्तीसगढ़ में एंटी नक्सल ऑपरेशन से जुड़े कार्यों में पदस्थ थे। वर्ष 2014 में उनकी अर्जिता श्रीवास्तव से लव मैरिज हुई थी। उनकी पत्नी भी पहले एयरफोर्स में कार्यरत थीं और वर्तमान में निजी क्षेत्र में कार्य कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

 

 

Hot Topics

Related Articles