बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पुलिस लाइन में पदस्थ एक कांस्टेबल ने अपने क्वार्टर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक और हैरानी का माहौल है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय लीवन भुआर्य के रूप में हुई है, जो ग्राम हथौद (सुरेगांव) का निवासी था और बालोद पुलिस लाइन में कांस्टेबल के पद पर पदस्थ था। बताया जा रहा है कि वह करीब चार महीने पहले ही अपने परिवार के साथ जिला अस्पताल के सामने स्थित पुलिस कॉलोनी में शिफ्ट हुआ था। पुलिस के अनुसार, घटना के समय कांस्टेबल की पत्नी और बच्चे एक शादी समारोह में गए हुए थे, जबकि वह क्वार्टर में अकेला था। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह नाइट ड्यूटी से लौटने के बाद वह अपने क्वार्टर में गया था। इसके बाद उसकी पत्नी ने उसे फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया। लगातार फोन न उठने पर पत्नी ने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पड़ोस में खेल रहे बच्चों को कांस्टेबल के क्वार्टर पर जाकर आवाज देने के लिए भेजा गया। बच्चों ने कई बार दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद बच्चों ने दरवाजे में बने छेद से अंदर झांककर देखा तो वहां का दृश्य देखकर घबरा गए। उन्होंने देखा कि कांस्टेबल फांसी के फंदे पर लटका हुआ है। यह देख बच्चों ने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बालोद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलकर जांच की। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई की और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल के मर्च्युरी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।





