दुर्ग। दुर्ग जिले के कुम्हारी क्षेत्र से मंगलवार को बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां भीषण आग की चपेट में आने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा घर में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ, जिसके बाद कुछ ही देर में पूरे घर में आग लग गई और अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। अचानक हुए हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इस हादसे में 4 साल के मासूम बच्चे, 17 और 18 साल की दो युवतियों तथा एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। पड़ोसियों और स्थानीय लोगों की आंखें नम हो गईं।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि शॉर्ट सर्किट किस वजह से हुआ। घटना के बाद पूरे कुम्हारी क्षेत्र में दहशत का माहौल है।





