मोहारा, विकासखंड डोंगरगढ़ मोहारा सेवा सहकारी समिति में लगभग 1200 कट्टा धान चोरी कर रात के अंधेरे में कोचियों को बेचे जाने का गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सतर्कता से मौके पर ही कोचिया की गाड़ी पकड़ी गई और किसानों की मेहनत की कमाई पर डाली जा रही इस बड़ी लूट का खुलासा हुआ।
एक ओर भाजपा सरकार पूरे प्रदेश में “सुशासन तिहार” मना रही है, वहीं दूसरी ओर सहकारी समितियों से किसानों का धान सुरक्षित नहीं है। इससे जनता के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या यही भाजपा का सुशासन है, जहां अन्नदाता की उपज तक चोरी हो रही है।
धान खरीदी के दौरान अधिकारी-कर्मचारी किसानों के घर-घर जाकर जांच करते थे और किसानों को संदेह की नजर से देखते थे। लेकिन अब समिति प्रबंधक और कोचियों की मिलीभगत से हजारों कट्टा धान चोरी कर बेचे जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सजगता से यह बड़ा घोटाला उजागर हुआ है। आशंका है कि अन्य समितियों में भी इसी तरह की अनियमितताएं हो सकती हैं।
ग्रामीणों से सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया तथा दोषियों पर तत्काल कार्रवाई के लिए एसडीएम डोंगरगढ़ एवं खाद्य अधिकारी को निर्देशित किया गया। शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर मोहारा चौकी प्रभारी को कलेक्टर के नाम चक्का जाम संबंधी ज्ञापन सौंपा गया है।
इस पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर समिति प्रबंधक, संबंधित अधिकारियों तथा सभी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और किसानों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।





