भाटापारा,शहर की सड़कों पर शुक्रवार को कदम-कदम पर कृष्ण भक्ति नजर आई। कहीं ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारे गूंजे तो कहीं डीजे की धुन पर युवा थिरकते नजर आए। मंदिरों और घरों में सजी आकर्षक झांकियों ने जन्माष्टमी की रौनक बढ़ाई, वहीं चौक-चौराहों और कॉलोनियों में मटकी फोड़ प्रतियोगिताओं ने उत्साह को चरम पर पहुंचा दिया।
यहां भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी सजाई गई थी। पुरोहितों और समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण की जय-जयकार के लगाए
डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर युवा नाचते-गाते और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में भागीदारी निभाई। बुजुर्गों की मौजूदगी ने आयोजन को गरिमामय बनाया। नगर में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। युवक-युवतियों ने भगवान श्रीकृष्ण और भारतीय संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। आकर्षक प्रस्तुतियों को दर्शकों ने तालियों के साथ सराहा।
भगवान श्रीकृष्ण की सामूहिक आरती हुई। जन्माष्टमी पर शहर के विभिन्न मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण का प्रगटोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों के साथ घरों में भी बाल गोपाल की झांकियां सजाई गईं। लड्डू गोपाल को आकर्षक वस्त्रों और आभूषणों से सजाकर झूले में विराजमान किया गया। बाजारों में भी जन्माष्टमी को लेकर खास रौनक रही।
लोग बाल गोपाल की मूर्ति, कपड़े, झूले, माखन-मिश्री और पूजा सामग्री खरीदते नजर आए। शहर की विभिन्न कॉलोनियों में भी जन्माष्टमी को लेकर आयोजन हुए। चौक-चौराहों और कॉलोनियों में मटकी फोड़ प्रतियोगिताएं भी हुईं। ‘मच गया शोर सारी नगरी में’ और ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ जैसे गीतों पर युवा झूमते रहे। सुबह से रात तक शहर का माहौल पूरी तरह कृष्णमय रहा।








