अंधविश्वास की भेंट चढ़ा 11 साल का मासूम, सांप के काटने के बाद परिजन कराते रहे झाड़फूंक, हुई मौत

बालोद। जिले से अंधविश्वास का दुखद मामला सामने आया है, जहां सांप के काटने के बाद समय पर इलाज नहीं मिलने से 11 वर्षीय बालक की मौत हो गई। परिजन बच्चे को अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़फूंक कराते रहे। हालत बिगड़ने पर जब बच्चे को जिला अस्पताल लाया गया, तब तक काफी देर हो चुकी थी, बच्चे ने दम तोड़ दिया। मामला डौंडी विकासखंड के ग्राम छिंदगांव का है। मृत बालक की पहचान गीतेश ढीमर उम्र 11 वर्ष के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि सुबह करीब 7 बजे बच्चे को सांप ने काट लिया था। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल ले जाने की बजाय एक बैगा के पास ले गए, जहां घंटों तक झाड़फूंक और टोना-टोटका कराया जाता रहा। बच्चे की हालत लगातार बिगड़ती गई, लेकिन अंधविश्वास के चलते समय पर इलाज नहीं मिल सका। जब स्थिति ज्यादा गंभीर हुई तो परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में फैले अंधविश्वास और जागरूकता की कमी को उजागर कर दिया है। समय पर उपचार मिलता तो शायद मासूम की जान बचाई जा सकती थी।

Hot Topics

Related Articles