बिल-पेमेंट पर भड़का विवाद: नपं इंजीनियर और पेटी ठेकेदार में हाथापाई, मामला थाने पहुंचा

डोंगरगांव(दीपक अवस्थी)। नगर पंचायत डोंगरगांव एक बार फिर विवादों के कारण चर्चा में है। इस बार मामला नगर पंचायत कार्यालय के भीतर इंजीनियर और एक पेटी ठेकेदार के बीच हाथापाई तक पहुंच गया। घटना के बाद मामला सीधे थाने पहुंचा, जहां इंजीनियर ने मारपीट और धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है।

जानकारी के मुताबिक सोमवार दोपहर नगर पंचायत कार्यालय में पार्षदों और कुछ अन्य लोगों की बैठक चल रही थी। इसी दौरान बिल और पेमेंट को लेकर पेटी ठेकेदार हरि साहू और नगर पंचायत इंजीनियर कृपाराम बर्मन के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई हो गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

इंजीनियर कृपाराम बर्मन ने डोंगरगांव थाने में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि 25 मई 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे हरि साहू, निवासी वार्ड क्रमांक 13 मटिया, नगर पंचायत कार्यालय में घुस आया और शासकीय कार्य के दौरान गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि मारपीट के दौरान उनके नाक और बाएं गाल में चोट आई तथा खून निकलने लगा।

डोंगरगांव पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि की है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक हरि साहू और इंजीनियर कृपाराम बर्मन दोनों का मोबाइल बंद था, जिससे विवाद की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी।

कमीशन और भुगतान व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

घटना के बाद नगर पंचायत के कामकाज और भुगतान व्यवस्था को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा है कि नगर पंचायत में कमीशन और बिल भुगतान को लेकर लंबे समय से अंदरूनी खींचतान चल रही है। हालांकि इस संबंध में किसी अधिकारी या संबंधित पक्ष की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन घटना के बाद तरह-तरह की चर्चाएं जरूर तेज हो गई हैं।

पहले भी विवादों में रही नगर पंचायत

डोंगरगांव नगर पंचायत पिछले एक साल से लगातार विवादों के कारण सुर्खियों में रही है। कभी अधिकारी-कर्मचारियों के बीच टकराव, कभी ठेकेदारों का विरोध, तो कभी जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों के बीच बहस के मामले सामने आते रहे हैं। कुछ दिन पहले ही एक महिला द्वारा सीएमओ पर नाराजगी जताते हुए अभद्र व्यवहार करने का मामला भी चर्चा में रहा था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत अब विकास कार्यों से ज्यादा विवादों के कारण पहचानी जाने लगी है। बीते एक साल में पांच से ज्यादा शिकायतें थाने तक पहुंच चुकी हैं।

क्या बोले सीएमओ


इस संबंध में नगर पंचायत सीएमओ विनम्र जेमा ने कहा,मैं टीएल बैठक में था। घटना की जानकारी मिली है। इंजीनियर से बात करके पूरी जानकारी लेता हूं।

Hot Topics

Related Articles