बिल-पेमेंट विवाद में हंगामा: नपं इंजीनियर से मारपीट करने वाला पेटी ठेकेदार गिरफ्तार, भेजा गया जेल

डोंगरगांव(दीपक अवस्थी)। नगर पंचायत डोंगरगांव में बिल भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। नगर पंचायत कार्यालय के भीतर उप अभियंता और एक पेटी ठेकेदार के बीच हुई हाथापाई के मामले में डोंगरगांव पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

मामला 25 मई की दोपहर का है। नगर पंचायत कार्यालय में उस समय बैठक चल रही थी। इसी दौरान बिल भुगतान को लेकर पेटी ठेकेदार हरिशंकर साहू और नगर पंचायत के उप अभियंता कृपाराम बर्मन के बीच विवाद शुरू हो गया। कर्मचारियों के मुताबिक देखते ही देखते बहस गाली-गलौज और फिर हाथापाई में बदल गई। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

उप अभियंता कृपाराम बर्मन ने थाना डोंगरगांव में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया कि दोपहर करीब 3:30 बजे हरिशंकर साहू उनके कार्यालय कक्ष में घुस आया और बिल भुगतान को लेकर विवाद करते हुए अश्लील गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उनके नाक और बाएं गाल में चोट आई और खून निकलने लगा।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 188/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2) और 121(1) बीएनएस के तहत मामला कायम किया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर डोंगरगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हरिशंकर साहू, निवासी वार्ड क्रमांक 13 मटिया को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई पुलिस मामले की कार्रवाई में प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य कुमार, निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर और प्रधान आरक्षक सुरेश राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

भुगतान व्यवस्था और कमीशनखोरी पर फिर उठे सवाल

घटना के बाद नगर पंचायत की कार्यप्रणाली और बिल भुगतान व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से यह आरोप लगाए जाते रहे हैं कि भुगतान और ठेका कार्यों में अंदरूनी खींचतान बनी रहती है। हालांकि इस मामले में किसी अधिकारी ने आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है, लेकिन घटना ने नगर पंचायत की कार्यशैली पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पहले भी विवादों में रह चुकी है नगर पंचायत

डोंगरगांव नगर पंचायत पिछले एक साल से लगातार विवादों के कारण चर्चा में रही है। कभी अधिकारी-कर्मचारियों के बीच विवाद, कभी ठेकेदारों का विरोध, तो कभी जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों के बीच टकराव जैसी घटनाएं सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत अब विकास कार्यों से ज्यादा विवादों के कारण सुर्खियों में रहने लगी है।

Hot Topics

Related Articles