रामभद्राचार्य पर टिप्पणी को लेकर बढ़ा विवाद, राष्ट्रीय बजरंग दल ने चरणदास महंत का पुतला फूंका

रायपुर । नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत द्वारा जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज को लेकर दिए गए बयान पर विवाद गहराता जा रहा है। राजधानी रायपुर में राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इस बयान के विरोध में प्रदर्शन करते हुए डॉ. महंत का पुतला दहन किया और उनके खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।

राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्रित होकर सड़क पर उतरे और नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं और उनके संबंध में की गई कथित टिप्पणी से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ नेता लगातार सनातन परंपरा और संत समाज के खिलाफ बयानबाजी करते रहे हैं। उनका कहना है कि डॉ. चरणदास महंत का बयान भी इसी मानसिकता को दर्शाता है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बयान वापस लेने तथा सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

प्रदर्शन के बाद राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता संबंधित थाने पहुंचे, जहां उन्होंने डॉ. चरणदास महंत के खिलाफ लिखित शिकायत सौंपते हुए उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की। संगठन का कहना है कि धार्मिक गुरुओं और संत समाज के खिलाफ की जाने वाली टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द को प्रभावित कर सकती हैं और इससे श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत होती हैं।

राष्ट्रीय बजरंग दल ने चेतावनी दी है कि यदि डॉ. चरणदास महंत सार्वजनिक रूप से अपने बयान पर स्पष्टीकरण नहीं देते और माफी नहीं मांगते, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। संगठन ने यह भी कहा कि भविष्य में किसी भी राजनीतिक दल या नेता द्वारा सनातन धर्म, साधु-संतों और धार्मिक परंपराओं के खिलाफ की जाने वाली बयानबाजी का कड़ा विरोध किया जाएगा।

Hot Topics

Related Articles