जांजगीर-चाम्पा ।जिले की पर्वतारोही अमिता श्रीवास माउंट एवरेस्ट फतह कर अपने गृह नगर चाम्पा पहुंचीं, जहां परिजनों, मित्रों और नगरवासियों ने उनका भव्य स्वागत किया। अमिता की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। वह छत्तीसगढ़ की दूसरी महिला पर्वतारोही हैं, जिन्होंने विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराया है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत अमिता श्रीवास ने करीब 10 वर्षों की कड़ी मेहनत और संघर्ष के बाद यह सफलता हासिल की है। इससे पहले वह अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी किलिमंजारो को भी फतह कर चुकी हैं। चाम्पा पहुंचने पर अमिता ने कहा कि उनका अगला लक्ष्य विश्व के पांच अन्य महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों को फतह करना है। उन्होंने सरकार से उनकी उपलब्धि को देखते हुए स्थायी सरकारी नौकरी प्रदान करने की मांग भी की। अमिता की इस सफलता पर परिजनों और युवाओं ने खुशी जताते हुए इसे पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय बताया।






