8 साल के बच्चे ने पेट्रोल डालकर फूंकी बाइक, कुछ ही देर में जलकर हुई खाक, CCTV में कैद हुई वारदात

डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहां एक 8 वर्षीय बच्चे ने एक बिरयानी सेंटर के सामने खड़ी मोटरसाइकिल में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।वायरल फुटेज में देखा जा सकता है कि बच्चा सिंगोला बांधा तालाब के पास स्थित एक बिरयानी सेंटर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल के पास पहुंचता है। फिर कुछ देर बाद वह बाइक से पेट्रोल निकालकर उसी पर छिड़क देता है और आग लगा देता है। देखते ही देखते मोटरसाइकिल आग की लपटों में घिर जाती है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई।घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने भी इस तरह की घटना पर हैरानी जता रहे है। प्रारंभिक तौर पर लोगों को किसी शातिर बदमाश की करतूत होने की आशंका थी, लेकिन पुलिस जांच में मामला कुछ अलग ही निकला।डोंगरगढ़ एसडीओपी केसरी नंदन नायक ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आग लगाने वाले बच्चे की पहचान कर ली गई है। जांच में पता चला कि वह महज 8 वर्ष का है और मानसिक रूप से अस्वस्थ है। पुलिस ने उसके परिजनों को थाने बुलाकर समझाइश दी है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर ली गई है। वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Hot Topics

Related Articles