राजनांदगांव।छत्तीसगढ़ में खरीफ का सीजन चल रहा है. कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश में किसान खाद और बीज के लिए परेशान हो रहे हैं. खाद बीज की किल्लत और महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने सोमवार को डोंगरगांव विधानसभा क्षेत्र में विरोध प्रदर्श किया है. कांग्रेस ने ग्राम तुमड़ीबोड़ में सरकार के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल दिया. विधायक दलेश्वर साहू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर दिया. आंदोलन के दौरान हाईवे पर ही चूल्हा जलाकर चाय बनाई गई और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
विधायक दलेश्वर साहू ने खोला मोर्चा
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विधायक दलेश्वर साहू ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के नाम पर सिर्फ बड़े-बड़े दावे और प्रचार कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि समितियों में खाद और बीज तक उपलब्ध नहीं हैं. किसान दर-दर भटक रहे हैं. किसान मजबूरी में खुले बाजार से महंगे दामों पर खाद-बीज खरीदने को विवश हैं. सरकार की नाकामी का खामियाजा सीधे अन्नदाता भुगत रहा है।
खाद बीज की किल्लत पर कांग्रेस का हल्ला बोल
सरकार किसानों को राहत देने के बजाय महंगाई का बोझ बढ़ा रही है. पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और बिजली की कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है. अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज ने खेती-किसानी को भी संकट में डाल दिया है- दलेश्वर साहू, कांग्रेस विधायक
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध नहीं कराया गया और बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा. प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई और हाईवे पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा. आंदोलन स्थल पर विधायक दलेश्वर साहू अपने समर्थकों के मौजूद रहे






