रायपुर।छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने शिक्षा मंत्री स्कूल शिक्षा विभाग, सचिव स्कूल शिक्षा विभाग,संचालक लोक शिक्षण संचालनालय को पत्र लिखकर हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में शनिवार को प्रातःकालीन पाली में स्कूल संचालित करने की मांग की है, इससे छात्रों का सर्वांगीण व बहुमुखी विकास होगा।
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा, प्रदेश संयोजक सुधीर प्रधान, वाजिद खान, प्रदेश उपाध्यक्ष देवनाथ साहू, बसंत चतुर्वेदी, प्रवीण श्रीवास्तव, शैलेन्द्र यदु, कोमल वैष्णव, मुकेश मुदलियार, प्रदेश सचिव मनोज सनाढ्य, प्रदेश कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र परिक ने कहा है कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा के साथ-साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों का भी अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है, वर्तमान में प्रदेश के अधिकांश हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूल सामान्य समय (दिन की पाली) में संचालित हो रहे हैं।निम्न बिंदुओ पर विचार करने का मांग किया गया है-
1. विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए स्कूल परिसर में योगा, खेलकूद, पी.टी. और सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि का आयोजन बेहद जरूरी है।
2. खेल, योग और शारीरिक गतिविधियों के लिए सुबह का समय और वातावरण सबसे उत्तम और स्वास्थ्यवर्धक होता है। दोपहर या दिन की पाली में तेज धूप और गर्मी के कारण ये गतिविधियां सुचारू रूप से संभव नहीं हो पातीं।
3. शनिवार को सुबह स्कूल लगने से विद्यार्थियों को एक नया उत्साह मिलता है, जिससे वे पूरे हफ्ते की पढ़ाई के बाद तनावमुक्त होकर अपनी प्रतिभा को निखार सकते हैं।
4. एक ही परिसर के शाला में शनिवार को प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक शाला प्रातःकालीन एवं हाई व हायर सेकेंडरी दोपहर में निर्धारित है, इससे शाला परिसर के प्रबंधन में भी परेशानी है।
छात्रहित और उनके सर्वांगीण व बहुआयामी विकास को ध्यान में रखते हुए समस्त हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में शनिवार के दिन स्कूल “प्रातःकालीन पाली” (Morning Shift) में संचालित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश/आदेश जारी किया जावे।






