बिलासपुर, 5 जुलाई। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (जी.जी.सी.यू.) की विधि छात्राओं गौतमी रामटेके एवं माही रामटेके ने छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री एवं प्रमुख सचिव को ज्ञापन प्रेषित कर होटल, रेस्टोरेंट, कैफे तथा अन्य निजी प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों के लिए पृथक ड्रेस कोड निर्धारित किए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि यह कदम अधिवक्ताओं एवं विधि विद्यार्थियों की गरिमा, सम्मान और विशिष्ट पहचान को बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण होगा।
ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान में विधि महाविद्यालयों के विद्यार्थी एवं अधिवक्ता परंपरागत रूप से सफेद शर्ट एवं काली पैंट धारण करते हैं। यह परिधान केवल एक ड्रेस नहीं, बल्कि संविधान, न्यायपालिका, विधि के शासन, अनुशासन और न्याय व्यवस्था के प्रति सम्मान का प्रतीक है। किंतु वर्तमान समय में अनेक होटल, रेस्टोरेंट, कैफे एवं अन्य निजी प्रतिष्ठानों के कर्मचारी भी समान प्रकार का परिधान धारण करते हैं, जिससे आम नागरिकों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है तथा विधि व्यवसाय की विशिष्ट पहचान प्रभावित होती है।
विधि छात्राओं ने कहा कि अधिवक्ता और विधि विद्यार्थी न्याय व्यवस्था का अभिन्न अंग हैं। उनके पारंपरिक परिधान की अलग पहचान बनाए रखना आवश्यक है, ताकि समाज में इस सम्मानित पेशे की गरिमा अक्षुण्ण बनी रहे।
ज्ञापन में राज्य शासन से आग्रह किया गया है कि होटल, रेस्टोरेंट, कैफे एवं अन्य निजी प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों के लिए ऐसा पृथक ड्रेस कोड निर्धारित करने संबंधी नीति बनाई जाए, जो विधि विद्यार्थियों एवं अधिवक्ताओं के पारंपरिक परिधान से स्पष्ट रूप से भिन्न हो। इससे न केवल विधि व्यवसाय की गरिमा एवं सम्मान सुरक्षित रहेगा, बल्कि आमजन के बीच उत्पन्न होने वाला भ्रम भी समाप्त होगा।
गौतमी रामटेके एवं माही रामटेके ने विश्वास व्यक्त किया है कि छत्तीसगढ़ शासन जनहित, न्याय व्यवस्था की गरिमा तथा विधि व्यवसाय की विशिष्ट पहचान को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेगा।मुख्य मांगें-होटल, रेस्टोरेंट, कैफे एवं अन्य निजी प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों के लिए पृथक ड्रेस कोड निर्धारित किया जाए।
अधिवक्ताओं एवं विधि विद्यार्थियों के पारंपरिक परिधान (सफेद शर्ट एवं काली पैंट) की विशिष्ट पहचान सुरक्षित रखी जाए।
इस संबंध में राज्य स्तर पर आवश्यक नीति एवं दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।






