कबीरधाम। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल भोरमदेव धाम में पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन विकास की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत हुई है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पावन भोरमदेव धाम में भोरमदेव ईको ट्रेल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने ईको ट्रेल का भ्रमण कर प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधता का अवलोकन किया। भोरमदेव ईको ट्रेल की शुरुआत का उद्देश्य क्षेत्र की प्राकृतिक धरोहर को संरक्षित करना, पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इको-टूरिज्म को नई दिशा देना है। इस पहल से भोरमदेव क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को प्रकृति के करीब पहुंचने का अवसर मिलेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। भोरमदेव धाम अपनी ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक विशेषताओं के लिए प्रसिद्ध है। यहां स्थित प्राचीन मंदिरों के साथ-साथ आसपास का वन क्षेत्र, पहाड़ियां और प्राकृतिक वातावरण पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। ईको ट्रेल के माध्यम से इस क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता को सुरक्षित रखते हुए पर्यटन को व्यवस्थित रूप से विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भोरमदेव क्षेत्र केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण स्थान है। ऐसे क्षेत्रों का संरक्षण करते हुए पर्यटन को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ईको ट्रेल जैसी योजनाएं पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय लोगों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में भी सहायक होंगी।






