तुसदा :अविश्वास प्रस्ताव की वोटिंग से पहले हंगामा, पंच पति ने पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने का लगाया आरोप

  • ग्राम पंचायत तुसदा के अंतर्गत बागबाहरा पंचायत जनपद थोड़ी से मामला

बागबाहरा/तुसदा (संतन दास मानिकपुरी)। बागबाहरा विकासखंड के ग्राम पंचायत तुसदा में सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर आज मतदान की तैयारी जोरों पर है। इसी बीच पंचायत की राजनीति ने नया मोड़ ले लिया है। एक पंच पति ने भीमखोज थाने में लिखित शिकायत देकर सरपंच पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

शिकायतकर्ता संदीप कुमार साहू ने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी भगवती साहू, जो ग्राम पंचायत तुसदा की पंच हैं और जिनकी तबीयत भी ठीक नहीं रहती, उन्हें मंगलवार रात करीब 9:30 बजे ग्राम लखनपुर से यह कहकर अपने साथ ले जाया गया कि उन्हें पेंड्रा छोड़ देंगे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सरपंच पति, सरपंच के पुत्र सूरज साहू तथा उपसरपंच राजीव पाण्डेय उनकी पत्नी को अपने साथ ले गए।

संदीप कुमार का कहना है कि पूरी रात बीत जाने के बाद भी उनकी पत्नी घर नहीं लौटी और उनका कोई पता नहीं चल पाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित लोगों के मोबाइल फोन भी बंद हैं, जिससे संपर्क नहीं हो पा रहा है।

इस संबंध में संदीप कुमार साहू ने भीमखोज थाना में लिखित शिकायत देकर पत्नी का पता लगाने तथा मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

उधर, ग्राम पंचायत तुसदा में आज होने वाले अविश्वास प्रस्ताव के मतदान को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज है। अब इस पूरे मामले में पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


नोट:- यह खबर शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित पक्ष का बयान प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।


 

Hot Topics

Related Articles