रोज-रोज की गाली-गलौज बनी जानलेवा, पिता-पुत्र ने हंसिया और डंडे से किया हमला

  • 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपी गिरफ्तार, हत्या के प्रयास के मामले में भेजे गए न्यायिक रिमांड पर


डोंगरगांव (दीपक अवस्थी)। ग्राम कुमर्दा में रोजाना की गाली-गलौज और चिढ़ाने को लेकर चल रहा विवाद हिंसक हो गया। पुलिस के मुताबिक, देवानंद उर्फ देवा कोलियारे की हरकतों से परेशान पिता-पुत्र ने उस पर हंसिया और बांस के डंडे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल देवानंद का शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, पेंड्री, राजनांदगांव में उपचार चल रहा है। घटना के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच ग्राम कुमर्दा में पुरानी रंजिश के चलते ग्यारूस राम कोलियारे और उसके बेटे पूरन कोलियारे ने देवानंद पर हमला कर दिया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान पुलिस ने उसका मृत्यु पूर्व कथन दर्ज किया, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूला जुर्म

विवेचना के दौरान पुलिस ने ग्यारूस राम और पूरन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने वारदात करना स्वीकार किया। उनके मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त हंसिया और बांस का डंडा बरामद कर जब्त किया गया। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

दरवाजा ठोकने और गाली-गलौज को लेकर था विवाद

पुलिस जांच में सामने आया है कि देवानंद उर्फ देवा आए दिन ग्यारूस राम और उसके बेटे के साथ गाली-गलौज करता था तथा उनके घर के दरवाजे को ठोककर उन्हें परेशान करता था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी, जो आखिरकार हिंसक झड़प में बदल गई।

मामले की विवेचना थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर के नेतृत्व में की गई।

Hot Topics

Related Articles