राजनांदगांव। डोंगरगांव थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त हंसिया और बांस का डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि मारपीट में गंभीर रूप से घायल देवानंद उर्फ देवा कोलियारे को उपचार के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, पेंड्री में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर ने मामले की जांच शुरू कराई।
अस्पताल में घायल का कथन दर्ज किया गया। घायल ने बताया कि 14 जुलाई की रात ग्राम कुमर्दा में पुरानी रंजिश और गाली-गलौज के बाद ग्यारूस राम कोलियारे और उसके पुत्र पूरन कोलियारे ने हंसिया और डंडे से उस पर जानलेवा हमला किया तथा जान से मारने की धमकी दी।
घायल के बयान के आधार पर डोंगरगांव थाना में अपराध क्रमांक 229/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने घटना स्वीकार कर ली। उनके मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक हंसिया और एक बांस का डंडा बरामद कर जब्त किया।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने ग्यारूस राम कोलियारे (58 वर्ष) एवं पूरन कोलियारे (23 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम कुमर्दा, थाना डोंगरगांव को 16 जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।






