मुंगेली: महामाया मंदिरों में चोरी का खुलासा, 1.75 लाख के आभूषण बरामद, 2 गिरफ्तार 2 जेल में

  • तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना पर पकड़े गए आरोपी, कबीरधाम में भी की थी चोरी

मुंगेली। लालपुर थाना क्षेत्र के कंतेली और कोदवाबानी स्थित महामाया मंदिरों में हुई चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 अन्य आरोपी पहले से ही जेल में बंद हैं। कार्रवाई के दौरान *करीब 1.75 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के धार्मिक आभूषण* बरामद किए गए हैं।

*ऐसे पकड़े गए आरोपी*

पुलिस के अनुसार जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने *बेमेतरा जिले के नगपुरा निवासी अश्वनी आहिरे* को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों *मंजीत पुरले और पप्पू उर्फ सुनील गोस्वामी* के साथ मिलकर दोनों मंदिरों में चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों ने चोरी के आभूषण पप्पू गोस्वामी की मां *चंपाबाई गोस्वामी* के पास छिपाकर रखे थे। पुलिस ने चंपाबाई गोस्वामी को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के चांदी के मुकुट, करधन, माला, ढार, चांदी के सिक्के, सोने की पत्तियां तथा अन्य धार्मिक आभूषण जब्त किए।

*कबीरधाम में भी दी थी वारदात को अंजाम*

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी अश्वनी आहिरे ने अपने साथियों के साथ *कबीरधाम जिले के सिल्हाटी स्थित महादेव मंदिर* में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उस मामले से संबंधित सामग्री भी पुलिस ने बरामद कर ली है।

*न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए आरोपी*

गिरफ्तार आरोपियों अश्वनी आहिरे और चंपाबाई गोस्वामी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। वहीं, सह-आरोपी मंजीत पुरले और पप्पू उर्फ सुनील गोस्वामी पहले से ही पोड़ी जेल में निरुद्ध हैं।

पुलिस का कहना है कि संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मंदिरों सहित सार्वजनिक आस्था स्थलों में चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 

 

 

 

 

Hot Topics

Related Articles