भाटापारा(मोहन तिवारी)सावन मेले के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने इतवारी और मधुपुर के बीच साप्ताहिक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 5-5 फेरे लगाएगी। इससे छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, झारखंड और ओडिशा के यात्रियों को यात्रा में सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, 08895 इतवारी-मधुपुर साप्ताहिक विशेष ट्रेन 1 से 29 अगस्त तक प्रत्येक शनिवार को इतवारी से सुबह 4.30 बजे रवाना होगी। यह गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, बेलपहाड़ और ब्रजराजनगर सहित विभिन्न स्टेशनों पर ठहरते हुए अगले दिन सुबह 6 बजे मधुपुर पहुंचेगी। वहीं, 08896 मधुपुर-इतवारी साप्ताहिक विशेष ट्रेन 2 से 30 अगस्त तक प्रत्येक रविवार को सुबह 9 बजे मधुपुर से रवाना होगी। यह अगले दिन ब्रजराजनगर, बेलपहाड़, रायगढ़, चांपा, बिलासपुर, भाटापारा, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़ और गोंदिया होते हुए सुबह 11.50 बजे इतवारी पहुंचेगी।
रेलवे ने बताया कि इस विशेष ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 4 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी (एसी-3), 10 शयनयान (स्लीपर), 4 सामान्य श्रेणी तथा 2 एसएलआरडी (गार्ड-सह-लगेज एवं दिव्यांगजन कोच) शामिल रहेंगे। रेलवे ने यात्रियों से समय पर आरक्षण कराने की अपील की है।






