बालोद : जिले के गुरुर विकासखंड के ग्राम कोचेरा स्थित मिडिल स्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया और शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का कहना है कि मिडिल स्कूल में 26 बच्चे अध्ययनरत हैं, लेकिन उनकी पढ़ाई केवल एक शिक्षक के भरोसे चल रही है। इससे बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पा रही है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अतिरिक्त शिक्षक की मांग को लेकर कई बार शिक्षा विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। लगातार मांगों की अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने स्कूल में ताला जड़कर प्रदर्शन किया और जल्द से जल्द शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्कूल में पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं, प्रदर्शन के चलते स्कूल का संचालन भी प्रभावित रहा।






