मनोरंजन: फिल्मी दुनिया की चमक-दमक देखकर लाखों लोग मुंबई का रुख करते हैं। हर किसी की आंखों में बड़ा सपना होता है कि वह पर्दे पर नजर आए और अपनी पहचान बनाए। लेकिन मायानगरी में कदम रखना जितना आसान लगता है, उतना ही मुश्किल यहां लंबे समय तक टिके रहना होता है। कई कलाकार सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचते हैं तो कई गुमनामी और संघर्ष के अंधेरे में खो जाते हैं। ऐसी ही एक दर्दनाक कहानी भोजपुरी अभिनेत्री मिताली शर्मा की सामने आई, जो कभी फिल्मों और मॉडलिंग की दुनिया में अपनी पहचान बना चुकी थीं, लेकिन बाद में जिंदगी ने ऐसा मोड़ लिया कि कथित तौर पर उन्हें मुंबई की सड़कों पर भीख मांगने के लिए मजबूर होना पड़ा। मिताली शर्मा कभी भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्रियों में गिनी जाती थीं। हालांकि उन्हें बड़े बजट की फिल्मों में काम करने का ज्यादा मौका नहीं मिला, लेकिन कम बजट की फिल्मों और मॉडलिंग असाइनमेंट के जरिए उन्होंने अपनी पहचान बनाई थी। शुरुआती दौर में उनके पास कई प्रोजेक्ट आए और वह तेजी से इंडस्ट्री में आगे बढ़ रही थीं। कई निर्माता-निर्देशक उनके काम को पसंद करने लगे थे और उन्हें उम्मीद थी कि उनका करियर लंबा चलेगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिताली मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली थीं। अभिनय की दुनिया में नाम बनाने का सपना लेकर वह मुंबई पहुंचीं। उन्होंने अपने करियर को आगे बढ़ाने के लिए काफी संघर्ष किया। बताया जाता है कि उन्होंने फिल्मों में काम पाने के लिए कई मुश्किलों का सामना किया और कथित तौर पर परिवार से भी दूरी बना ली थी। शुरुआती सफलता के बाद जब धीरे-धीरे काम के अवसर कम होने लगे तो आर्थिक परेशानियां बढ़ने लगीं।






