राजकुमार अग्रवाल ।सलडीह:- महासमुंद जिले के सलडीह से ढोढरकसा को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों अपनी बदहाली की वजह से लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती। ऐसे में दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश के दौरान यह मार्ग और अधिक खतरनाक हो जाता है। पानी से भरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ने का खतरा बना रहता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन ग्रामीण, किसान, छात्र एवं अन्य लोग आवागमन करते हैं, लेकिन सड़क की जर्जर हालत के कारण उन्हें मजबूरी में जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत या पुनर्निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक स्थिति में कोई विशेष सुधार नहीं हुआ है। सड़क की बिगड़ती हालत से क्षेत्रवासियों में नाराजगी भी देखी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, सलडीह–ढोढरकसा मार्ग के निर्माण कार्य के लिए ठेका भी स्वीकृत हो चुका है। हालांकि अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से लोगों को राहत नहीं मिल सकी है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग जल्द कार्य प्रारंभ कर इस महत्वपूर्ण मार्ग को दुरुस्त करेगा, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।






