- समय-सीमा पर सख्ती, गुणवत्ता से समझौता नहीं; कहा- पारदर्शी और गरिमापूर्ण वितरण व्यवस्था जल्द होगी शुरू
बिलासपुर (कमलकांत पाटनवार):- सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को तकनीक आधारित और पूरी तरह पारदर्शी बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘अन्नपूर्णा ग्रेन एटीएम’ तेजी से आकार ले रही है। शनिवार को खाद्य विभाग की संचालक एवं आईएएस फरिहा आलम सिद्दीकी ने बिलासपुर में निर्माणाधीन ग्रेन एटीएम का आकस्मिक निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और कार्य प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा किया जाए, ताकि आम लोगों को जल्द से जल्द आधुनिक और सम्मानजनक तरीके से राशन वितरण की सुविधा मिल सके।संचालक फरिहा आलम सिद्दीकी ने कहा कि ग्रेन एटीएम केवल एक मशीन नहीं, बल्कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता, सुविधा और तकनीकी बदलाव की नई शुरुआत है। इसके शुरू होने के बाद राशन कार्डधारियों को तेज, सुगम और व्यवस्थित तरीके से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान खाद्य अधिकारी राजीव लोचन तिवारी, जिला प्रबंधक (नान) नितिन दीवान, नगर निगम अभियंता रमनदीप छाबड़ा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। संचालक ने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजना को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
राशन वितरण प्रणाली में तकनीक की बड़ी एंट्री
ग्रेन एटीएम के संचालन से सार्वजनिक वितरण प्रणाली अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित होगी। हितग्राहियों को लंबी कतारों और अनावश्यक परेशानियों से राहत मिलेगी तथा खाद्यान्न वितरण की प्रक्रिया अधिक आधुनिक, तेज और भरोसेमंद बनेगी। सरकार इसे अपनी प्राथमिक योजनाओं में शामिल कर तेजी से अमल में ला रही है।गुणवत्ता पर जीरो टॉलरेंस
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को साफ निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। तकनीकी मानकों का पूर्ण पालन करते हुए तय समय में परियोजना पूरी करने पर विशेष जोर दिया गया।
विभागों के तालमेल से मिलेगी रफ्तार
खाद्य विभाग, नान और नगर निगम को संयुक्त रूप से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। उद्देश्य है कि प्रशासनिक बाधाओं को तुरंत दूर कर परियोजना का संचालन शीघ्र शुरू किया जा सके।
“ग्रेन एटीएम शासन की एक बेहद महत्वपूर्ण और पारदर्शी पहल है। हमारी प्राथमिकता निर्माण कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करना है, ताकि हितग्राहियों को बिना किसी परेशानी के त्वरित और सुगम तरीके से खाद्यान्न मिलना शुरू हो सके।”
— फरिहा आलम सिद्दीकी, संचालक, खाद्य विभाग






