- 5 एल्डरमैनों ने ली शपथ, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और विधायक मोहले भी रहे शामिल
मुंगेली। रिपोर्टर: संदीप यादव।मुंगेली नगर पालिका के कामकाज को नई गति देने के लिए शासन द्वारा मनोनीत 5 एल्डरमैनों ने शनिवार को पदभार संभाल लिया। सरदार वल्लभ भाई पटेल सभा भवन में आयोजित गरिमामय समारोह में एसडीएम रेखा चंद्रा ने सभी को शपथ दिलाई।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू तथा नगर विधायक पुन्नूलाल मोहले की मौजूदगी रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक मोहले ने की।
शपथ लेने वाले एल्डरमैन
डॉ. संजय वर्मा, अमितेश आर्य, डॉ. लेख राम साहू, राजहंस तम्बोली और खेमराज मोहले ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। अधिकारियों ने नए एल्डरमैनों से शहर के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।
- उप मुख्यमंत्री की घोषणा
समारोह के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मुंगेली के लिए 4 करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों को मंजूरी दी। उन्होंने कहा कि शहर में नालंदा परिसर, स्विमिंग पूल और पुष्प वाटिका जैसे प्रोजेक्ट तेजी से बन रहे हैं।
“मुंगेली को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना हमारी प्राथमिकता है। विकास के लिए फंड की कमी नहीं आएगी” – अरुण साव
- केंद्र से लेकर स्थानीय स्तर तक विकास पर जोर
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि केंद्र सरकार स्वच्छ भारत मिशन और जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए शहरों को बदल रही है। एल्डरमैन इन योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं।
विधायक पुन्नूलाल मोहले ने बताया कि अब तक शहर में 80 करोड़ से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत हो चुके हैं। उन्होंने उप मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि नई टीम के साथ नगर पालिका और प्रभावी ढंग से काम करेगी।
- अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में कलेक्टर कुंदन कुमार, सीएमओ होरी सिंह ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष दीननाथ केशरवानी, नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा, सभी पार्षद और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
अंत में सभी ने नए एल्डरमैनों का स्वागत कर उन्हें शहर के समग्र विकास में सहयोग की शुभकामनाएं दीं।






