जियाउल खान,लखनपुर/सरगुजा। लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम जमगवां, कुन्नी एवं अरगोती हाई स्कूल में शाला प्रवेश उत्सव एवं सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरण समारोह का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। विधायक ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं मुंह मीठा कराते हुए उनका विद्यालय में स्वागत किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कक्षा 9वीं की छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के तहत निःशुल्क साइकिल वितरित की गई। छात्राओं ने साइकिल की घंटी बजाकर अतिथियों का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष रवि महंत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन और बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान भैयालाल साहू, पारस राजवाड़े, सूर्य बहादुर सिंह, तारावती उइके, गणेश्वरी राठिया, सुदर्शन सिंह, राजा यादव, संकुल प्राचार्य, संकुल समन्वयक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।






