बलौदाबाजार, 3 नवंबर 2026। आयुक्त भू-अभिलेख के निर्देशानुसार बलौदाबाजार जिले के सभी ग्रामों में 5 नवंबर 2026 को विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। इसमें खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) के अंतर्गत किए गए फसल सर्वेक्षण से संबंधित विवरण ग्रामीणों के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी करते हुए विशेष ग्राम सभा में डीसीएस एवं पीव्ही ऐप के माध्यम से किए गए फसल सर्वेक्षण के विवरण का वाचन करने को कहा है। साथ ही फसल विवरण की सूची ग्राम पंचायत भवन में चस्पा करने तथा निर्धारित प्रारूप में प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्राम सभा के दौरान फसल सर्वेक्षण से संबंधित प्राप्त सभी दावा-आपत्तियों का परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद उनका निराकरण कर संबंधित तहसीलदार द्वारा निर्धारित प्रारूप में आवश्यक जानकारी कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी।
विशेष ग्राम सभा के आयोजन का उद्देश्य फसल सर्वेक्षण की जानकारी ग्रामीणों के समक्ष पारदर्शी तरीके से प्रस्तुत करना तथा सर्वेक्षण से संबंधित त्रुटियों एवं आपत्तियों का निराकरण सुनिश्चित करना है।







