बलौदाबाजार, 3 अक्टूबर 2026। अर्नव चक्रवात के प्रभाव से जिले में हुई अत्यधिक बारिश के कारण बलौदाबाजार-सिमगा मार्ग पर ग्राम रिसदा के पास सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। सड़क पर पानी और कीचड़ जमा होने से कई मालवाहक वाहन फंस गए थे। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मार्ग से अवरोध हटाकर यातायात बहाल कराया तथा क्षतिग्रस्त हिस्से का अस्थायी संधारण कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अत्यधिक बारिश के चलते सड़क के दाईं ओर स्थित तालाब में जलभराव हो गया था। तालाब का पानी सड़क की लंबाई की दिशा में ढाल होने के कारण मार्ग पर जमा होने लगा। वहीं, इस मार्ग से स्थित तीन सीमेंट प्लांटों में कच्चे माल की आपूर्ति और उत्पादित सीमेंट का परिवहन भारी मालवाहक वाहनों के माध्यम से होता है। लगातार भारी वाहनों की आवाजाही और जलभराव के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर कीचड़युक्त हो गई, जिससे कई वाहन फंस गए और उनमें विभिन्न प्रकार की खराबियां भी उत्पन्न हुईं।
विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलौदाबाजार-रिसदा-हथबंद-सिमगा मुख्य जिला मार्ग क्रमांक-57 की कुल लंबाई 48.60 किलोमीटर है। इस मार्ग के बीटी मजबूतीकरण कार्य के लिए शासन द्वारा कुल 4917.83 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
कार्यादेश जारी होने के बाद निर्धारित प्रावधानों के अनुसार क्षतिग्रस्त स्थल पर डामर की परत उखाड़कर डब्ल्यूएमएम (वेट मिक्स मैकडम) कार्य प्रारंभ करने के लिए लेवलिंग की तैयारी की गई थी। इसी दौरान अत्यधिक बारिश के कारण सड़क की स्थिति और खराब हो गई।
कलेक्टर के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अवरुद्ध मार्ग पर यातायात बहाल कराया गया और तत्कालिक संधारण किया गया, जिससे आवागमन सुचारु हो सके।







