बिलासपुर (कमलकांत पाटनवार) बिलासपुर के कोटा क्षेत्र में मलेरिया का प्रकोप लगातार जारी है, जहाँ रविवार को तीन नए मरीज मिलने के बाद कुल मरीजों की संख्या 33 हो गई है। प्रभावित गांवों में पिछले 14 दिनों से स्वास्थ्य शिविर लगाकर जांच और उपचार किया जा रहा है, जबकि ग्रामीणों ने छिड़काव और मच्छरदानी की मांग की है।
बिलासपुर कोटा क्षेत्र में मलेरिया का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है, जहां रविवार को तीन नए मरीज सामने आए हैं। नए मामले मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। औरापारा और केंदा सहित प्रभावित ग्रामीण इलाकों में पिछले 14 दिनों से लगातार स्वास्थ्य शिविर लगाकर बीमार लोगों की जांच और इलाज किया जा रहा है।कोटा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में सर्दी, खांसी और बुखार से पीड़ित लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग की जांच में अब तक कुल 33 मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें से 16 एक्टिव मरीजों का फिलहाल इलाज चल रहा है। रविवार को तीन नए मरीज मिलने के बाद जिला मलेरिया अधिकारी डा. वीके वैष्णव एवं कृष्णा कुमारी के नेतृत्व में विशेष टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का मोर्चा संभाल लिया है।






