सीपत; गुड़ी सरपंच की गुंडागर्दी, सरपंच या दबंग? 20 साथियों संग घर में घुसकर पति-पत्नी पर जानलेवा हमला..हॉस्पिटल में भर्ती

  • पीड़ित बोला- अब जान का खतरा, SSP से लगाई फरियाद

बिलासपुर/सीपत (कमलकांत पाटनवार):- सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़ी निवासी लखन लाल साहू ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत पत्र सौंपते हुए गांव के सरपंच सहित 20 से अधिक लोगों पर घर में घुसकर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार 29 जुलाई 2026 की रात लखन लाल साहू अपने घर पर पत्नी के साथ मौजूद थे। उसी दौरान उनकी पत्नी घर में मवेशियों को कटिया दे रही थी। आरोप है कि ग्राम सरपंच दुर्गा प्रसाद साहू, जागेश्वर उर्फ बल्लू साहू, नरोत्तम साहू, शुभम साहू, पूजा साहू, रेवती साहू, लक्की साहू, लल्लन साहू, समारु विश्वकर्मा तथा उनके लगभग 20 अन्य साथी जबरन दरवाजा तोड़कर घर में घुस आए। लखन साहू का आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए डंडे, ईंट, पत्थर और लोहे की रॉड से पति-पत्नी पर हमला कर दिया। शोर सुनकर उनका बड़ा भाई मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव किया। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल उनकी पत्नी को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां वह बेहोश हो गई थीं। एक दिन बाद उन्हें होश आया। वर्तमान में उनका इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है और उनकीहालत गंभीर बताई जा रही है। पीड़ित ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि दबाव के चलते सीपत थाने में उल्टा उनके खिलाफ ही अपराध दर्ज कर लिया गया। उनका कहना है कि सरपंच दुर्गा साहू के साथ मारपीट और छेड़छाड़ से संबंधित एक आपराधिक प्रकरण पहले से न्यायालय में लंबित है। इसके अलावा उनके मकान को तोड़ने की कार्रवाई भी की गई थी, जिसके विरुद्ध उन्होंने न्यायालय से स्थगन आदेश (स्टे) प्राप्त करने की प्रक्रिया की है। इसी रंजिश के चलते सरपंच और उनके साथियों ने इस घटना को अंजाम दिया। लखन लाल साहू ने एसएसपी से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश सीपत थाना प्रभारी को दिए जाएं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद से आरोपी लगातार उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे उनका परिवार भय के साये में जीवन बिताने को मजबूर है।

Hot Topics

Related Articles